महम विकास रैली : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रैली स्थल का किया दौरा, प्रबंधों का लिया जायजा
5 अप्रैल को महम के राजकीय महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगी महम विकास रैली, प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी विकास रैली में होंगे मुख्य अतिथि
Indiknow, रोहतक। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ महम में 5 अप्रैल को आयोजित होने वाली महम विकास रैली के प्रबंधों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विकास रैली के रूट का भी अवलोकन किया। सचिन गुप्ता ने महम स्थित राजकीय महाविद्यालय परिसर में 5 अप्रैल को होने वाली महम विकास रैली में किए जा रहे प्रबंधों का मौके पर निरीक्षण किया। महम विकास रैली में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे तथा राज्यसभा सांसद श्री रामचंद्र जांगड़ा रैली की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पंवार, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, महम के उपमंडलाधीश विपिन कुमार व अन्य संबंधित उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सर्वप्रथम महम पहुंचकर राजकीय महाविद्यालय परिसर में महम विकास रैली के पंडाल में प्रबंधों का जायजा लिया। महाविद्यालय परिसर में महम विकास रैली के लिए मुख्य मंच के साथ-साथ सांस्कृतिक मंच भी बनाया गया है। रैली स्थल पर आम जनता के लिए बैठने के प्रबंध किए गए है तथा पंडाल को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेंटर में इंचार्ज नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा महम विकास रैली के सफल आयोजन के लिए डयूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए है। रैली स्थल पर मीडिया कर्मियों के लिए प्रेस गैलरी व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए विशेष प्लेटफॉम तैयार किया गया है। उन्होंने रैली स्थल पर आमजन के लिए किए गए बैठने के प्रबंधों के अलावा पीने के पानी, अस्थाई शौचालयों व अन्य प्रबंधों का भी जायजा लिया। रैली स्थल पर एम्बुलेंस भी तैनात की जाएगी।
सचिन गुप्ता ने वीवीआईपी वाहन पार्किंग की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ मीडिया कर्मियों तथा आमजन के वाहनों की पार्किंग के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा रैली स्थल के नजदीक वाहन पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है तथा रैली के दौरान यातायात को सुचारू बनाये रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए है। प्रशासन द्वारा रैली स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
निरीक्षण के उपरांत विकास रैली के नोडल अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने ली अधिकारियों की बैठक
नगर निगम के आयुक्त एवं महम विकास रैली के नोडल अधिकारी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने महम स्थित विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक ली तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी उन्हें सौंपी गई हर जिम्मेवारी को पूरा करें। उन्होंने कहा कि रैली के दौरान रैली स्थल पर तैनात किए गए अधिकारी मुस्तैद रहे तथा आम जनता को पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करवाये। उन्होंने कहा कि आम जनता के रैली पंडाल में प्रवेश के लिए भी पुख्ता प्रबंध किए गए है तथा सुरक्षा जांच के उपरांत ही पंडाल में प्रवेश की अनुमति मिलेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें