Indiknow, रोहतक/महम। धन्यवाद एवं विकास रैली कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समाजसेवी एवं एलपीएस बोसार्ड के एमडी राजेश जैन द्वारा समाज को समर्पित दंत, नाक-कान-गला (ईएनटी) एवं त्वचा चिकित्सा सेवाओं के लिए अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल बस का अनावरण किया।
इस अवसर पर राजेश जैन ने बताया कि यह बस पूर्णतः वातानुकूलित तथा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। इसमें दंत चिकित्सा के लिए दो डेंटल चेयर्स, पोर्टेबल एक्स-रे मशीन सहित सभी आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं। साथ ही, ईएनटी एवं त्वचा रोगों की जांच एवं उपचार के लिए उन्नत चिकित्सा उपकरण भी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस मोबाइल बस के माध्यम से रोहतक एवं आसपास के क्षेत्रों में सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे आमजन को उनके घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
राजेश जैन ने आगे बताया कि इससे पूर्व भी उनकी संस्था द्वारा तीन अन्य मोबाइल मेडिकल बसें समाज को समर्पित की जा चुकी हैं। इनमें रक्तदान शिविरों के लिए बस, नेत्र एवं सामान्य रोगों की जांच हेतु बस तथा स्तन कैंसर स्क्रीनिंग के लिए मैमोग्राफी बस शामिल हैं। इन सभी के माध्यम से निरंतर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, हरियाणा भाजपा कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज, रोहतक की प्राचार्य डॉ. मनु राठी, डेंटल कम्युनिटी विभाग के प्रमुख डॉ. मंजुनाथ, डॉ. हरनीत सिंह, डॉ. दीपांशी, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सम्पदा मुंजाल, डॉ. हर्षदीप सहित राजीव जैन, सन्नी निझावन, शीतल चंदर, उमाकांत एवं अमित आनंद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें