Indiknow, रोहतक। बच्चे बहुत ही मासूम होते हैं और उन्हें थोड़ा-सा भी प्यार बहुत सुकून देता है। हमारे यहां कहावत भी है कि बच्चे भगवान का रूप होते हैं और बच्चों के हित के लिए किया गया कोई भी कार्य भगवान की सेवा की तरह ही होता है। हमें हमेशा प्रयास करना चाहिए कि हम नन्हे मासूमों की खुशी के लिए कुछ न कुछ कार्य अवश्य करें। यह कहना है पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ एच के अग्रवाल का। वे वार्ड 14 में किंग्स कॉलेज इंडिया की रोटरी इंटरेक्ट यूथ टीम द्वारा वार्ड में भर्ती नन्हे मासूम बच्चों के लिए खाना और खिलौनों के वितरिण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए थे।
इस अवसर पर उपस्थित बच्चों और आमजन को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने कहा कि युवा शक्ति की एक नई मिसाल पेश करते हुए, रोटरी इंटरैक्ट Y.O.U.T.H. ऑफ किंग्स कॉलेज इंडिया ने पीजीआईएमएस के पेडियाट्रिक्स विभाग में खाना और खिलौना दान कार्यक्रम का आयोजन करके बेहतरीन कार्य किया है। इस पहल ने समाज में एक प्रेरणा का संदेश दिया है कि युवा शक्ति के साथ, हम समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। डॉ एच के अग्रवाल ने कहा कि बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं, और हमें उनकी देखभाल और शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। यह देखकर बहुत खुशी होती है कि युवा लोग समाज सेवा के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि सभी इस प्रकार की कोई ना कोई समाज सेवा से जुड़कर देश और समाज की भलाई के लिए कार्य करें।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर कुंदन मित्तल ने कहा कि रोटरी इंटरैक्ट Y.O.U.T.H. ऑफ किंग्स कॉलेज इंडिया की इस पहल की प्रशंसा करते हैं। यह युवा शक्ति की जीत है और समाज में एक प्रेरणा का संदेश है। हम उनके साथ मिलकर और भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए तैयार हैं। इस कार्यक्रम में शुची जैन, साहिल अरोड़ा और करीना अरोड़ा का सहयोग रहा। क्लब के अध्यक्ष सोनिका जैन और सदस्यों मायरा सिंह, नियति गुप्ता, अर्नव हुड्डा, अर्शिया जैन और इनिया बंसल ने अपने फंडराइजर से जुटाए गए करीब 12000 रुपये की राशि से बच्चों के लिए खाने व खिलौनों का दान किया। सूची जैन ने बताया कि बच्चों की यह पहला संदेश देती है कि यदि बच्चे भी समाज के लिए कुछ करने की सोच रखते हैं तो हम बड़ों को तो उनसे प्रेरणा लेते हुए इस प्रकार के अनेक कार्य करते रहने चाहिए जिससे हम समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब रोहतक नेक्स्ट के अध्यक्ष साहिल अरोड़ा ने यह प्रोजेक्ट करने में सहयोग किया। इस अवसर पर डॉ अल्का यादव सहित शिशु रोग विभाग के कई चिकित्सक उपस्थित थे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें