Indiknow, रोहतक: पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किए गए ‘हेल्थ बुलेटिन’ का शुक्रवार को कुलपति कार्यालय में बटन दबाकर अनावरण किया गया। कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने बुलेटिन का विमोचन करते हुए कहा कि यह बुलेटिन विश्वविद्यालय के कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों का पारदर्शी दर्पण बनेगा। यह बुलेटिन डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल के दिशा-निर्देशन में तैयार किया गया है।
इस अवसर पर कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने कहा कि यह हेल्थ बुलेटिन संस्थान और समाज के बीच सेतु का काम करेगा। इसमें बीमारियों से बचाव के तरीकों की जानकारी ही नहीं अपितु संस्थान में हो रहे सभी कार्यों, नई परियोजनाओं, शोध, अकादमिक गतिविधियों और चिकित्सकीय सेवाओं की पूरी जानकारी दी गई है। डॉ अग्रवाल ने बताया कि इलाज से बड़ा है विश्वास, और विश्वास आता है जानकारी से। यह बुलेटिन उसी विश्वास को मजबूत करेगा। जब लोगों को पता चलेगा कि उनका अपना पीजीआईएमएस हर दिन बेहतर हो रहा है, तो उनकी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता खुद-ब-खुद बढ़ जाएगी।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि हमारे माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का स्वस्थ हरियाणा, सक्षम हरियाणा का सपना तभी पूरा होगा जब प्रदेश का हर नागरिक अपने सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान मे नित नई आ रही नवीनतम तकनीकों और सुविधाओं से वाकिफ होगा। यह बुलेटिन उसी जानकारी को घर-घर तक पहुंचाएगा। यह एक पुस्तक नहीं, जागरूकता का आंदोलन है। हमारा उद्देश्य है कि आमजन को पता चले कि उनका पीजीआईएमएस किस दिशा में काम कर रहा है और किस तरह नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
डॉ अग्रवाल ने संपादक मंडल और डीन छात्र कल्याण विभाग की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह बुलेटिन अब हर तिमाही प्रकाशित किया जाएगा और इसकी डिजिटल प्रति विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी। कुलसचिव डॉ रूप सिंह ने कहा कि एक चिकित्सा विश्वविद्यालय का दायित्व केवल डॉक्टर बनाना नहीं है, बल्कि अपने हर काम की जानकारी समाज तक पहुंचाना भी है। इस बुलेटिन में विभागों की मासिक प्रगति रिपोर्ट, नए कोर्स, फैकल्टी की उपलब्धियां, बड़ी सफल सर्जरी और भविष्य की योजनाओं को शामिल किया जाएगा।
निदेशक डॉ एस के सिंघल ने कहा कि पीजीआईएमएस में प्रतिदिन हजारों मरीज आते हैं। उन्हें अक्सर पता नहीं होता कि संस्थान में कौन सी नई सुपर-स्पेशियलिटी सेवा शुरू हुई है या किस विभाग में कौन सी आधुनिक मशीन आई है। यह बुलेटिन एक संस्थान गाइड की तरह काम करेगा। बुलेटिन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल ने कहा कि कुलपति डॉ एच के अग्रवाल के विजन से यह बुलेटिन तैयार हुआ है। इसमें कैंपस की हलचल, विभागीय डायरी, उपलब्धियों का कॉलम, नए समझौते और छात्र गतिविधियां विशेष रूप से शामिल रहेंगे। हमारा अगला लक्ष्य इसे हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में लाना है। पहले अंक में जनवरी से मार्च तक की विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की गई है। इस अवसर पर एडिटोरियल बोर्ड के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
यूएचएसआर हेल्थ बुलेटिन को आकार देगी ये अनुभवी टीम
पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक द्वारा शुरू किए गए यूएचएसआर हेल्थ बुलेटिन:को तैयार करने के लिए विश्वविद्यालय ने एक अनुभवी संपादक मंडल का गठन किया है। यह बुलेटिन संस्थान की उपलब्धियों, शोध और गतिविधियों को आम जनता तक पहुंचाने का काम करेगा।
इस बुलेटिन के मुख्य संरक्षक कुलपति प्रो. (डॉ.) एच.के. अग्रवाल होंगे। उनके मार्गदर्शन में संरक्षक के रूप में कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, निदेशक पीजीआईएमएस डॉ. एस.के. सिंघल तथा डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ कार्य करेंगे। बुलेटिन की रूपरेखा और प्रकाशन का जिम्मा परामर्श संपादक डॉ. सविता रानी सिंघल, डीन छात्र कल्याण, यूएचएसआर को सौंपा गया है। संपादक के रूप में डॉ. उर्मिल चावला, प्रोफेसर आरआईओ, पीजीआईएमएस तथा डॉ. रुचि सिंघल, एसोसिएट प्रोफेसर, पीडोडोंटिक्स, पीजीआईडीएस जिम्मेदारी निभाएंगी।
इनके सहयोग के लिए सह-संपादक के रूप में डॉ. मधु शर्मा, प्रोफेसर माइक्रोबायोलॉजी, डॉ. आरती, प्रोफेसर एनाटॉमी, डॉ. वरुण अरोड़ा, प्रोफेसर कम्युनिटी मेडिसिन तथा डॉ. उमेश यादव, प्रोफेसर ऑर्थोपेडिक्स, पीजीआईएमएस को शामिल किया गया है। सलाहकार मंडल में डीन पीजीआईएमएस डॉ. अशोक चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, प्राचार्य पीजीआईडीएस डॉ. मनु राठी, वरिष्ठ प्रोफेसर एवं प्रभारी अनुसंधान डॉ. पुष्पा दहिया, परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुखदेव चांदला तथा प्रोफेसर पीडोडोंटिक्स डॉ. अरुण शामिल हैं। बुलेटिन के डिजाइन एवं ग्राफिक का कार्य जनसंपर्क कार्यालय के राजेश भड़ और संजय कुमार देखेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें