- किसी खास अवसर पर करना चाहिए दान : हिमांशु ग्रोवर
Indiknow, रोहतक। सेवा और संवेदना की मिसाल पेश करते हुए पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय की चैधरी रणबीर सिंह ओपीडी में तैनात ओटी टेक्नीशियन अशोक गुलाटी ने अपने दिवंगत भाई स्वर्गीय सुरेंद्र गुलाटी की पुण्य स्मृति में हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में एक वाटर कूलर दान किया। इस नेक पहल से गर्मी में इलाज के लिए आने वाले सैकड़ों मरीजों और उनके तीमारदारों को शीतल जल की सुविधा मिलेगी। यह कहना है समाजसेवी हिमांशु ग्रोवर का, वें मंगलवार को ओपीडी में वाटर कूलर का शुभारंभ करने पहुंचे थे। उन्होंने वाटर कूलर का रिबन काटकर शुभारंभ किया। हिमांशु ग्रोवर ने सबसे पहले स्वयं इस वाटर कूलर से जल ग्रहण कर सेवा कार्य की शुरुआत की।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए हिमांशु ग्रोवर ने कहा कि हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि जल सेवा सबसे बडी सेवा। अशोक गुलाटी जी ने अपने भाई की याद को समाजसेवा से जोड़कर अमर कर दिया है। अस्पताल में आने वाला हर मरीज किसी न किसी पीड़ा से गुजर रहा होता है। ऐसे में ठंडे पानी का एक गिलास भी उसे राहत और हौसला देता है। हिमांशु ग्रोवर ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जन्मदिन, वर्षगांठ या अपनों की स्मृति में रक्तदान, अंगदान शपथ पत्र, पौधारोपण या जल सेवा जैसे कार्य जरूर करें।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि पीजीआईएमएस परिवार सिर्फ इलाज ही नहीं, इंसानियत की पाठशाला भी है। अशोक गुलाटी जैसे कर्मचारी जब अपने निजी दुख को समाजसेवा में बदलते हैं तो पूरा संस्थान गौरवान्वित होता है। विश्वविद्यालय प्रशासन ऐसे हर सहयोग का स्वागत करता है। कुलसचिव और हड्डी रोग विभाग अध्यक्ष डॉ. रूप सिंह ने अशोक गुलाटी के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की असली पूंजी उसके कर्मचारी होते हैं। जब कर्मचारी संस्थान को अपना परिवार मानकर सेवा करते हैं, तो वह विकास की सबसे बड़ी गारंटी है। अशोक जी ने भाई की स्मृति में जो दान दिया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि हड्डी रोग ओपीडी में रोज 400 से 500 मरीज आते हैं। कई बुजुर्ग, दिव्यांग और दूर-दराज से आए लोग घंटों लाइन में लगते हैं। गर्मी में पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। अशोक गुलाटी ने अपने भाई की स्मृति को हजारों लोगों की दुआओं से जोड़ दिया। डॉ. एस. के. सिंघल ने कहा कि डॉक्टर दवा देता है, लेकिन सेवा भाव हौसला देता है। मैं अन्य स्टाफ और समाजसेवियों से भी अनुरोध करता हूं कि वे आगे आएं, एक छोटा सा सहयोग किसी की बड़ी तकलीफ दूर कर सकता है। डाॅ. सिंघल ने कहा कि पीजीआईएमएस में हर दिन हजारों लोग आते हैं। अगर हर सक्षम व्यक्ति अपनी क्षमता अनुसार छोटा-सा सहयोग भी करे, तो हम इस अस्पताल को सुविधाओं के मामले में देश का नंबर-1 बना सकते हैं। इस अवसर पर डॉ. आशीष देवगन, डॉ. राजेश रोहिल्ला, राजेंद्र यादव, रामकेश, रमेश कुमार, सुनील सहित विभाग के कई कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें