हेल्थ यूनिवर्सिटी की बड़ी योजना : शैक्षणिक व स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा, वीसी ने राज्यपाल को दी जानकारी
— डॉ. एच.के. अग्रवाल ने प्रो. अशिम कुमार घोष से की मुलाकात
Indiknow, रोहतक। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विश्वविद्यालय रोहतक के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कुलाधिपति और हरियाणा के राज्यपाल प्रो. आशिम कुमार घोष से मुलाकात कर विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक उत्कृष्टता और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी।
बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने अनुसंधान को बढ़ावा देने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और चिकित्सा शिक्षा की समग्र गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए विश्वविद्यालय के निरंतर प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रमुख घटक संस्थान, पीजीआईएमएस, रोहतक की अहम भूमिका पर जोर दिया, जहां प्रतिदिन लगभग 8,000 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ये मरीज न केवल हरियाणा बल्कि आसपास के राज्यों से भी आते हैं। उन्होंने अस्पताल में आधारभूत ढांचे के उन्नयन, चिकित्सा सुविधाओं के आधुनिकीकरण और मरीजों को बेहतर सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
डॉ. अग्रवाल ने परिसर में चल रही विकास परियोजनाओं के बारे में भी राज्यपाल को अवगत कराया, जिनमें शैक्षणिक भवनों का विस्तार, प्रयोगशाला सुविधाओं में सुधार और शिक्षण व निदान में उन्नत तकनीकों का समावेश शामिल है। उन्होंने भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की, जिनका उद्देश्य शैक्षणिक और क्लिनिकल प्रशिक्षण को और मजबूत करना है। कुलपति ने कहा चिकित्सा और पैरामेडिकल छात्रों को अधिक दक्ष, कुशल और उद्योग के अनुरूप बनाने के लिए अद्यतन पाठ्यक्रम, व्यावहारिक प्रशिक्षण और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों से परिचय पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ये पहल छात्रों को सफल करियर बनाने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं में प्रभावी योगदान देने में सक्षम बनाएंगी।
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि राज्यपाल ने इन पहलों को ध्यानपूर्वक सुना और छात्रों के हित में तथा शैक्षणिक गतिविधियों को और बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय को निरंतर प्रयास जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि आधुनिक परिसर सुविधाएं और अध्ययन के दौरान प्राप्त ज्ञान छात्रों के कैरियर और भविष्य की सफलता को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें