पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को हथियार दिखाकर धमकी देने की घटना हरियाणा की बदहाल कानून व्यवस्था का प्रमाण: डॉ. प्रदीप देशवाल
Indiknow, रोहतक/हिसार: जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. प्रदीप देशवाल ने पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के साथ हिसार में हुई घटना पर कड़ा रोष प्रकट करते हुए इसकी तीव्र निंदा की है। डॉ. देशवाल ने कहा कि आज हिसार में जिस तरह एक संदिग्ध व्यक्ति ने बिना नंबर प्लेट और काले शीशे वाली गाड़ी को पूर्व उपमुख्यमंत्री के काफिले के आगे अड़ाकर पिस्तौल दिखाई , वह प्रदेश में पनप रहे 'जंगलराज' का जीता-जागता सबूत है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि हरियाणा में एक पूर्व संवैधानिक पद पर रहे व्यक्ति और वाई सुरक्षा प्राप्त नेता की जान को इस तरह खतरा हो सकता है, तो फिर आम नागरिक अपने आप को सुरक्षित कैसे महसूस करेगा।
डॉ. प्रदीप देशवाल ने हरियाणा सरकार और गृह मंत्रालय को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में कानून का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है। पुलिस की वर्दी पहने बिना और संदिग्ध वाहनों का सहारा लेकर डराने-धमकाने की यह कार्यप्रणाली गुंडाराज को बढ़ावा देने वाली है। उन्होंने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और उस कथित पुलिस कर्मी व उसके पीछे के आकाओं पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। डॉ. देशवाल ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने इस गंभीर मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने में देरी की, तो प्रदेश की जनता और कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें