Indiknow, रोहतक : पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हुआ। स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ विपिन घरसा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने दीवार चित्रकला, मैराथन और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर छात्रों द्वारा बनाई गई आकर्षक वॉल पेंटिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रही। ‘अर्थ डे - 22 अप्रैल’ थीम पर बनी इस पेंटिंग में एक ओर हरियाली, वन्यजीव और नीला आकाश दिखाया गया, तो दूसरी ओर प्रदूषण और सूखे पेड़ों से धरती का दर्द उकेरा गया।
कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व पृथ्वी दिवस पर 3 दिवसीय कार्यक्रम का सफल आयोजन कर डॉ विपिन घरसा और सभी विद्यार्थियों ने सराहनीय कार्य किया है। चिकित्सा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ना ही एक अच्छे डॉक्टर की पहचान है।" मैराथन के विजेताओं को बधाई देते हुए डॉ अग्रवाल ने कहा कि मैराथन में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी ने स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का संदेश दिया है। आप सभी विजेता हैं क्योंकि आपने फिटनेस के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी दिखाई। कुलसचिव डॉ रूप सिंह ने कहा कि हमारी भावी पीढ़ी यदि आज पर्यावरण को लेकर संवेदनशील होगी, तभी कल सुरक्षित होगा। विद्यार्थियों की यह पहल अन्य शिक्षण संस्थानों के लिए भी प्रेरणादायक है।
निदेशक डॉ एस के सिंघल ने अपने संबोधन में कहा कि पीजीआईएमएस सिर्फ बीमारियों का इलाज ही नहीं करता, बल्कि स्वस्थ समाज के निर्माण में भी विश्वास रखता है। जलवायु परिवर्तन सीधे तौर पर स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, इसलिए डॉक्टरों का इस मुहिम से जुड़ना आवश्यक है। डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल ने बताया कि तीन दिन तक चले इस आयोजन में पोस्टर मेकिंग, वॉल पेंटिंग और 10 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया। ' पेस एंड पल्स ' थीम पर हुई मैराथन में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं, फैकल्टी ने हिस्सा लिया। डॉ विपिन घरसा के संयोजन में छात्रों ने पूरी रात जागकर इन चित्रों को तैयार किया, जो काबिल-ए-तारीफ है।
डॉ विपिन घरसा ने बताया कि बच्चों द्वारा सफाई अभियान चलाया गया, जिसके प्रतिभागियों को डीन डॉ अशोक चौहान ने सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। डॉ सविता सिंघल ने कहा कि कार्यक्रम के समापन पर कुलपति डॉ एच के अग्रवाल ने विजेता प्रतिभागियों और आयोजन समिति को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें