Indiknow, गाजियाबाद। नगर निगम के नामित पार्षद प्रदीप चौधरी ने जनसामान्य से साइबर ठगों एवं फर्जी कॉल से सतर्क रहने की अपील की है। प्रदीप चौधरी ने बताया कि उनके पास पाकिस्तान नंबर से व्हाट्सएप कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताते हुए कहा कि आपके बेटे को रेड में पकड़ा गया है, क्या आपको पता है वह कहां है?
जब प्रदीप चौधरी ने जवाब दिया कि उनका बेटा उनके पास ही बैठा है, तो तुरंत कॉल कट गई। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से लोगों को डराकर ठगी करने का प्रयास था। उन्होंने बताया कि आजकल साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई, ईडी, बैंक अधिकारी अथवा अन्य सरकारी एजेंसियों का नाम लेकर लोगों को मानसिक दबाव में डालते हैं और पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं।
प्रदीप चौधरी ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान अंतरराष्ट्रीय नंबर से आने वाली कॉल पर तुरंत भरोसा न करें। किसी को भी ओटीपी, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति सरकारी अधिकारी बनकर डराने या धमकाने का प्रयास करे तो तुरंत कॉल काट दें। ऐसे नंबरों की सूचना साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा स्थानीय पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें