- किसानों को आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिए अन्य सहायक व्यवसाय अपनाने बारे किया जा रहा जागरूक
- कृषि से संबंधित सभी विभाग गांवों में आयोजित कर रहे किसान जागरूकता शिविर
- उद्यान विभाग द्वारा अब तक 18 गांवों में आयोजित किए गए शिविर
- सरकार के माध्यम से किसानों को नए बाग लगाने पर दिए जा रहे अनेक प्रकार के अनुदान
Indiknow, रोहतक : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा जिला के गांव माडौदी को मॉडल गांव के रूप में चुना गया है। किसानों की आमदनी को बढ़ाने के लिए कृषि से संबंधित विभागों द्वारा किसानों को अन्य सहायक व्यवसाय अपनाने बारे जागरूक किया जा रहा है। जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों को सहायक धंधे अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है ताकि वे आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो सके।
सचिन गुप्ता ने कहा है कि उद्यान विभाग द्वारा भी गांवों में किसान जागरूकता शिविर लगाकर किसानों को बागवानी फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। विभाग द्वारा अब तक ऐसे 18 जागरूकता शिविर लगाए जा चुके हैं। उद्यान विभाग द्वारा किसानों को बागवानी फसलें अपनाने के लिए निरंतर जागरूक किया जा रहा है। यह किसान जागरूकता शिविर निरंतर जारी रहेंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा किसानों को बागवानी फसलें अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके और उनकी आय बढ़ाई जा सके। किसानों को सरकार द्वारा क्रियान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ जुलाई-अगस्त माह में नए बाग लगाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान अब तक उद्यान विभाग द्वारा जिला के 18 गांवों में किसान जागरूकता शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। विभाग द्वारा रोहतक खंड के गांव सुनारिया, खिड़वाली, बहु अकबरपुर, महम खंड के गांव मदीना गिन्धराण, किशनगढ़, अजायब, निन्दाना, कलानौर खंड के गांव जिन्दराण, बसाना, माडौदी जाटान एवं माडौदी रागडान व सांपला खंड के गांव अटायल, इस्माईला, नौनंद, खरावड़ तथा लाखनमाजरा खंड के गांव-टिटौली, इन्द्रगढ़ एवं चिड़ी में किसान जागरूकता शिविर आयोजित कर किसानों को बागवानी फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
उद्यान विभाग के माध्यम से नए बाग लगाने पर किसानों को दिया जा रहा अनुदान : सचिन गुप्ता
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा बागवानी किसानों के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हंै। नए बाग लगाने पर किसानों को अनेक प्रकार से अनुदान देने का प्रावधान किया गया है। अमरूद, बेर, नीम्बू एवं किन्नू का नया बाग लगाने के लिए सरकार द्वारा प्रथम वर्ष 25200 रूपए प्रति एकड़ अनुदान राशि उपलब्ध करवाई जा रही है तथा द्वितीय वर्ष देखरेख के लिए 16800 रूपए अनुदान राशि भी प्रदान की जाती है।
उद्यान विभाग ने माडौदी गांव में लगाया दूसरी बार किसान जागरूकता शिविर : डॉ. मदनलाल
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. मदनलाल ने बताया कि उपायुक्त सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार विभाग द्वारा किसान जागरूकता शिविर लगाए जाते हैं। इन शिविरों में विभाग के अधिकारी किसानों के मध्य पहुंचकर उन्हें बागवानी फसलों के बारे में जागरूक कर रहे हैं तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। विभाग का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा किसानों को बागवानी फसलें अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है ताकि उनकी आमदनी बढ़ सके और वे आर्थिक रूप से सुदृढ़ हो सके। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा माडौदी गांव में मंगलवार को दोबारा जागरूकता किसान शिविर लगाया गया तथा उन्हें आगामी जुलाई-अगस्त माह में नए बाग लगाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें