Indiknow, रोहतक। प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशालय डीएमईआर टीम ने आज पीजीआईएमएस का दौरा कर विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। टीम ने निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल के साथ बैठक कर ओपीडी, ट्रॉमा सेंटर, सुपरस्पेशलिटी ब्लॉक, लैब का जायजा लिया।
डीएमईआर के निर्देश पर सभी विभागों से 29 मई को सुबह प्रोफार्मा के अनुसार हार्ड कॉपी व सॉफ्ट कॉपी में डाटा मंगवाया गया था। टीम ने विभिन्न विभागों के डीएमएस के साथ फैकल्टी स्ट्रेंथ, बेड ऑक्यूपेंसी, उपकरणों की स्थिति और एनएमसी मानकों की पालना का मूल्यांकन किया। डीएमईआर अधिकारियों ने बताया कि सरकार के आदेश पर अलग-अलग टीमें प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों का निरीक्षण कर रही हैं। सभी कॉलेजों से डाटा लेकर डीएमईआर मुख्यालय में विस्तृत रिपोर्ट सबमिट होगी।
जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉक्टर वरुण अरोड़ा ने बताया कि पीजीआईएमएस ने समय पर पूरा डाटा उपलब्ध करवा दिया है। यह निरीक्षण हरियाणा में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने बताया कि यह टीम अपना डाटा मुख्यालय में जमा कराएगी और जो भी बेहतरी के लिए सुझाव होंगे वह प्रदान करेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें