एटीएल, रोबोटिक्स व खगोल विज्ञान प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण व रचनात्मकता विकसित करने का है सशक्त माध्यम : अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार
- अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक्स एवं खगोल विज्ञान प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य समापन
Indiknow, रोहतक : अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक्स एवं खगोल विज्ञान प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा रचनात्मकता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
नरेंद्र कुमार जिला के मॉडल संस्कृति विद्यालयों, पीएमश्री विद्यालयों एवं अन्य राजकीय विद्यालयों में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल), रोबोटिक्स एवं खगोल विज्ञान लैब के संदर्भ में जिला स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने तथा विज्ञान के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करेंगी। जिला परियोजना समन्वयक सुमन हुड्डा के नेतृत्व में कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा विज्ञान विषय के पीजीटी अध्यापक सक्रिय प्रतिभागी के रूप में शामिल हुए। अटल टिंकरिंग लैबस की जिला समन्वयक गरिमा ने संपूर्ण कार्यशाला का सफल संचालन एवं समन्वय किया।
कार्यक्रम का कुशल प्रबंधन मेजबान प्रधानाचार्या अनीता राठी द्वारा अत्यंत दक्षता एवं समर्पण के साथ किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के योगदान की सराहना की गई। मंच संचालन अंग्रेजी प्रवक्ता डॉ. ऋतु मलिक ने किया। इस अवसर पर एपीसी मनोज सुहाग, डीएसेस समीर मान एवं डीएमईएस दीपक अरोड़ा भी उपस्थित रहे।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें