निंदाना की पावन धरती ने हरियाणा को सांस्कृतिक, शैक्षिक व राजनीतिक रूप से दी नई दिशा : शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
- निंदाना में की आधुनिक लाइब्रेरी की घोषणा, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
- स्वर्गीय धनपत सिंह के पड़पोते प्रदीप राय को सांगी एवं लोक कला के संवर्धन के लिए 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की
Indiknow, रोहतक। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि निंदाना गांव की पावन धरती ने हरियाणा को सांस्कृतिक, शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से नई दिशा देने का कार्य किया है। यह वही भूमि है, जिसने हरियाणा के प्रथम शिक्षा मंत्री स्वर्गीय महासिंह नेहरा तथा हरियाणा की लोक संस्कृति को देशभर में पहचान दिलाने वाले महान लोक गायक एवं सांगी स्वर्गीय धनपत सिंह जैसे व्यक्तित्व दिए हैं।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा जिला के गांव निंदाना में भाजपा नेता दिनेश निंदाना द्वारा आयोजित भाजपा कार्यालय के उद्घाटन व सम्मान समारोह एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने गांव निंदाना में उपयुक्त स्थान उपलब्ध करवाने पर विद्यार्थियों विशेषकर बेटियों की पढ़ाई के लिए एक अत्याधुनिक एवं सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की। लोक संस्कृति के संरक्षण पर बल देते हुए शिक्षा मंत्री ने महान लोक कलाकार स्वर्गीय धनपत सिंह की परंपरा को आगे बढ़ाने वाले उनके पड़पोते प्रदीप राय को सांगी एवं लोक कला के संवर्धन के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने दीप प्रज्वलित करने के उपरांत स्वर्गीय धनपत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लोकगीतों और रागनियों के माध्यम से हरियाणा की संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को पूरे देश में पहचान दिलाई। उन्होंने हरियाणा के प्रथम शिक्षा मंत्री महासिंह नेहरा के योगदान को भी स्मरण करते हुए कहा कि हरियाणा राज्य गठन के बाद शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव रखने का श्रेय महासिंह नेहरा को जाता है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मैरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले 14 विद्यार्थियों को 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
महिपाल ढांडा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में हरियाणा में पारदर्शी और ईमानदार शासन व्यवस्था स्थापित हुई है। नौकरियों में मैरिट आधारित चयन ने युवाओं को बिना किसी सिफारिश और भ्रष्टाचार के अवसर प्रदान किए हैं तथा युवाओं में पढ़ाई के प्रति रूचि पैदा हुई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि एक युवा सात बार सरकारी नौकरी प्राप्त करने में सफल हुआ है, जो पारदर्शी भर्ती प्रणाली का प्रमाण है।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि राज्य सरकार सरकारी विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेशभर में जर्जर विद्यालय भवनों के नवीनीकरण, मरम्मत के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, शौचालय, खेल मैदान और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहले चरण में 1500 विद्यालयों तथा दूसरे चरण में एक हजार से अधिक विद्यालयों के सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
महिपाल ढांडा ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ाने के लिए सुपर-100 योजना शुरू की गई थी, जिसका विस्तार करते हुए अब इसे 500 विद्यार्थियों तक बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में इस योजना के अंतर्गत 263 विद्यार्थियों में से 235 विद्यार्थियों ने जेईई परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की है, जिनमें 16 विद्यार्थियों ने 99 परसेंटाइल अर्थात प्रतिशतक से अधिक अंक हासिल किए हैं। रोहतक जिला में चलाए जा रहे सुपर-40 कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की पहल से यह कार्यक्रम सुपर-85 बन गया है और मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उत्कृष्ट शिक्षकों के व्याख्यान रिकॉर्ड कर उन्हें स्मार्ट बोर्ड और डिजिटल माध्यमों से विद्यार्थियों तक पहुंचाने की योजना पर कार्य कर रही है। साथ ही मेडिकल और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला स्तर पर विशेष कोचिंग व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए अध्यापकों की उपलब्धता बढ़ाई जा रही है तथा यह निर्णय लिया गया है कि कोई भी अध्यापक कक्षा में मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करेगा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
महिपाल ढांडा ने गांव में संचालित निशुल्क सीएससी सेंटर की भी सराहना की और ग्रामीणों से इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही विद्यालय भूमि संबंधी विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने की अपील करते हुए कहा कि इससे विकास कार्यों को गति मिलेगी। इससे पूर्व शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का ग्रामीणों द्वारा पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना मुख्य उद्देश्य : दिनेश निंदाना
गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष दिनेश निंदाना ने मुख्य अतिथि महिपाल ढांडा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन में दिनेश निंदाना ने कहा कि उन्होंने राजनीति को सदैव जनसेवा के रूप में अपनाया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की सुविधा एवं भलाई को ध्यान में रखते हुए गांव में निशुल्क कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना की गई है। कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित करने का मुख्य उद्देश्य गांव के सभी पात्र नागरिकों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। इस केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी और सुविधा आसानी से उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा द्वारा गांव के विकास को लेकर की गई घोषणाओं का भी दिनेश निंदाना ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से गांव की तस्वीर बदलने में मदद मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, खंड शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र नेहरा, ब्लॉक समिति अध्यक्ष नवनीत राठी, भाजपा नेता सत्य प्रकाश बिसला, पूर्व चेयरमैन नरेश, मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन राम निवास रोहिल्ला, राजबीर आर्य, अनीता बुधवार, प्राचार्य सुरेंद्र सांगवान, सरिता दूहन तथा मनोज पहलवान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें