- चुनाव संपन्न होने तक संभालेंगे जिम्मेदारी
- विकास परियोजनाओं को मिलेगी नई गति, समाज में खुशी की लहर
- मुख्यमंत्री नायब सैनी एवं डॉ. अरविंद शर्मा के प्रति जताया आभार
Indiknow, रोहतक। गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रदेश सरकार ने रोहतक के एसडीएम आशीष वशिष्ठ का कार्यकाल संस्था के प्रशासक के रूप में बढ़ा दिया है। इस निर्णय से संस्था के विकास कार्यों को निरंतरता मिलने के साथ-साथ आगामी चुनाव प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।
मुख्य सचिव, हरियाणा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार आशीष वशिष्ठ संस्था के चुनाव संपन्न होने अथवा 21 मई 2027 तक प्रशासक के रूप में अपनी सेवाएं देते रहेंगे। उनके कार्यकाल विस्तार के समाचार से संस्था के पदाधिकारियों, कर्मचारियों तथा समाज के लोगों में प्रसन्नता का माहौल है।
गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के पदेन सचिव एवं प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा ने पदभार ग्रहण करवाया एवं उनका स्वागत करते हुए कहा कि प्रशासक के रूप में आशीष वशिष्ठ ने संस्था के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने, विकास कार्यों को गति देने तथा पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में संस्था निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
समाज की माँग पर इस नियुक्ति के समाज के प्रतिनिधियों ने इस निर्णय के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में संस्था शिक्षा, समाज सेवा और विकास के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगी।
एसडीएम एवं प्रशासक आशीष वशिष्ठ ने कहा कि संस्था के चुनाव को लेकर तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं और मतदाता पहचान पत्र बनाने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी वर्गों को साथ लेकर संस्था के विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी। साथ ही पहरावर स्थित ऐतिहासिक भूमि पर चारदीवारी निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसकी निगरानी के लिए गठित समिति लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सहयोग और सहभागिता से गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा आने वाले समय में शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक उत्थान का एक सशक्त केंद्र बनकर उभरेगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें