Indiknow, रोहतक । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने आज महिला आश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रही महिलाओं से मुलाकात कर उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यकताओं के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान डॉ. तरन्नुम खान ने महिला आश्रम में कार्यरत स्टाफ सदस्यों से भी मुलाकात की और आश्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने महिलाओं के रहने, खानपान, स्वास्थ्य देखभाल एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के तहत डॉ. तरन्नुम खान ने महिला आश्रम परिसर में एक पौधा रोपित किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम है तथा आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार 21, 22 व 23 अगस्त को समाधान समारोह के रूप में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी जिलों को चिन्हित मामलों के निस्तारण का लक्ष्य दिया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक द्वारा संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी कर सूचित किया जा रहा है तथा एक गूगल लिंक भी विभिन्न सरकारी कार्यालयों के नोटिस बोर्डों पर प्रदर्शित किया गया है।
उन्होंने कहा कि उक्त प्रक्रिया के माध्यम से नागरिक अपने लंबित मामलों का प्री-कॉन्सिलिएशन बैठक के जरिए आपसी सहमति से सौहार्दपूर्ण समाधान करवा सकते हैं। उन्होंने आमजन का आह्वïन किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्थानीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय से संपर्क कर अपने मामलों की जानकारी प्राप्त करें तथा राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक के दूरभाष नंबर 01262-257408 तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें