डेंटल कॉलेज के रक्तदान शिविर में महिलाओं की अधिक भागीदारी समाज क लिए प्रेरणादायक: कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
Indiknow, रोहतक । पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान और पौधरोपण दोनों ही जीवन बचाने वाले कार्य हैं। रक्तदान से हम किसी का आज बचाते हैं और पौधरोपण से आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित करते हैं। डॉ. अग्रवाल शुक्रवार को पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज में विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। शिविर का आयोजन डेंटल कालेज द्वारा इम्यूनोहेमेटोलॉजी एवं ब्लड ट्रांसफ्यूजन विभाग के सहयोग से किया गया।
शिविर में महिला फैकल्टी, पीजी छात्राओं, इंटर्न व महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इसे देखकर कुलपति डॉ. अग्रवाल बेहद प्रसन्न हुए। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में महिलाओं की भागीदारी यह साबित करती है कि नारी शक्ति ही समाज की असली प्रेरणा है। उन्होंने सभी महिला रक्तदाताओं को मंच पर बुलाकर बैज लगाकर व प्रशस्ति पत्र देकर विशेष रूप से सम्मानित किया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि समाज में अभी भी यह भ्रांति है कि महिलाएं रक्तदान नहीं कर सकतीं, जबकि स्वस्थ महिला हर 4 महीने में सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकती है। उन्होंने अन्य संस्थानों की छात्राओं व महिलाओं से भी आगे आकर रक्तदान करने की अपील की।
कुलपति डॉ. अग्रवाल ने रिब्बन काटकर शिविर का शुभारंभ किया और रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने डेंटल कालेज परिसर में अधिकारियों के साथ पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह रक्त शरीर को जीवन देता है, वैसे ही पेड़ धरती को प्राणवायु देते हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अपने जन्मदिन पर एक पौधा जरूर लगाएं और रक्तदान से जीवन बचाएं, पौधरोपण से धरती बचाएं के संकल्प को अपनाएं।
डेंटल कालेज की प्राचार्या डॉ. मनु राठी ने बताया कि शिविर में कुल 51 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। कई बार रक्तदान कर चुके दानदाताओं को भी सम्मानित किया गया। सभी रक्तदाताओं को जलपान व प्रमाण पत्र दिए गए। बीडीएस छात्रों ने नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से रक्तदान व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। करो रक्तदान, पाओ पुण्य महान और एक पेड़ सौ पुत्र समान जैसे स्लोगन आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, डीएसडब्ल्यू डॉ. सविता सिंघल, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सुधीर अत्री तथा ब्लड बैंक से प्रो. डॉ. रागिनी, डॉ नवीन खत्री मौजूद रहे। आयोजन डॉ. पंकज गहलोत, डॉ. आदर्श व डॉ. भावना की देखरेख में हुआ।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें