Indiknow, रोहतक। अखिल भारतीय किसान सभा ने फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए मांग की है कि हरियाणा सरकार उनकी जायज मांगों को स्वीकार करके समाधान निकाले और कर्मचारियों को हड़ताल आगे बढ़ाने के लिए बाध्य न करें। किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह हड़ताली कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंचे और उनकी समस्याओं पर विस्तार से बातचीत की। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए किसान सभा राज्य कमेटी की ओर से उन्होंने आंदोलन को जायज ठहराते हुए पूरा समर्थन दिया।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका कर्मचारी संघ से संबंधित फायर ब्रिगेड कर्मचारी 8 अप्रैल को एक दिन की हड़ताल पर गए थे परन्तु उन्हें हड़ताल आगे बढ़ाने का निर्णय लेना पड़ा। इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अपनी ड्यूटी करते हुए जान गंवाने वाले कर्मचारी को शहीद का दर्जा और उसके परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाए। स्थाई काम की स्थाई नौकरी, समान काम का समान वेतन और 31 दिसंबर 2025 वाले हाई कोर्ट के आदेशानुसार कच्चे कर्मचारियों की सेवाएं पक्की की जाएं।
उन्होंने किसानों की फसल खरीद पर हरियाणा सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों को तुगलकी फरमान बताते हुए कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा को भी 11 अप्रैल को सड़कों पर आकर रोष प्रकट करना पड़ रहा है। केंद्र व राज्य सरकारों की नीतियां पूरी तरह से कारपोरेट वर्ग के हितों का पोषण करती हैं। इसलिए सभी मेहनतकश वर्गों को एकता बनाकर संयुक्त आंदोलन करने होंगे। इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कर्मवीर भी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें