Indiknow, रोहतक। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर इनर व्हील क्लब ब्लूमिंगडेल ने अपनी एनिमल वेलफेयर कमेटी के अंतर्गत जनता कालोनी में स्थित श्रीवैश्य व्यायामशाला एवं गोशाला रोहतक में विशेष छप्पन भोग सेवा का आयोजन किया। इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने गहरी श्रद्धा और भक्ति भाव से गायों के लिए 56 प्रकार के पौष्टिक आहार तैयार कर अर्पित किए। इस छप्पन भोग में विशेष रूप से फल, हरी सब्जियां, गुड़, विभिन्न प्रकार के अनाज, हरा चारा (घास) एवं अन्य पौष्टिक आहार शामिल थे, जो गायों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रेमपूर्वक तैयार किए गए। यह सेवा इस भावना के साथ की गई कि जिस प्रकार हम भगवान को छप्पन भोग अर्पित करते हैं, उसी प्रकार गौ माता भी हमारे लिए किसी देवता से कम नहीं हैं। गौशाला में इस प्रकार की छप्पन भोग सेवा क्लब द्वारा पहली बार आयोजित की गई, जिससे यह आयोजन और भी विशेष और यादगार बन गया। इस पहल के माध्यम से क्लब ने न केवल अपनी धार्मिक आस्था को व्यक्त किया, बल्कि पशु कल्याण के प्रति अपनी संवेदनशीलता और समर्पण भी दर्शाया। इस सेवा कार्य में डॉ. ताशी नरूला, गुरलीन एवं अर्पिता जैन ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष सिल्की बंसल ने कहा कि जिस प्रकार हम भगवान को पूरे श्रद्धा भाव से छप्पन भोग अर्पित करते हैं, उसी प्रकार गौ माता भी हमारे लिए पूजनीय हैं। इस सेवा के माध्यम से हम उनके प्रति अपनी कृतज्ञता और सम्मान प्रकट करते हैं। यह पहल सभी के लिए प्रेरणादायक रही और समाज में सेवा, संवेदना एवं पशु प्रेम का सुंदर संदेश प्रसारित किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें