Indiknow, रोहतक। समाजसेवी सतीश पहरावर की धर्मपत्नी एवं शिक्षक डॉ. कपिल कौशिक की पूजनीय माताजी निर्मला देवी का बुधवार को एक निजी अस्पताल में दुखद निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से हृदय रोग से जूझ रही थीं और अंततः ईश्वर ने उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दिया। उनकी अंतिम यात्रा श्रीनगर कॉलोनी स्थित निवास स्थान से अत्यंत भावुक माहौल में प्रारंभ होकर वैश्य कॉलेज रोड स्थित श्मशानघाट तक पहुंची, जहां विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। मुखाग्नि उनके सुपुत्र डॉ कपिल कौशिक द्वारा दी गई।
स्वर्गीय माताजी अपने पीछे स्नेहिल स्मृतियों से भरा परिवार छोड़ गई हैं, जिसमें दो पुत्रियां, एक पुत्र तथा पौत्र-पौत्रियां शामिल हैं। वे एक अत्यंत मृदुभाषी, धर्मपरायण एवं करुणामयी व्यक्तित्व की धनी थीं। उनका सम्पूर्ण जीवन सेवा, त्याग और मानवीय मूल्यों का अनुपम उदाहरण रहा। जरूरतमंदों की सहायता करना उनके स्वभाव में शामिल था, जिसके कारण वे समाज में विशेष सम्मान की पात्र रहीं। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि समूचे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं सामाजिक संगठनों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें