Indiknow, रोहतक : हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों के तहत जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने पीजीआईएमएस रोहतक स्थित स्टेट ड्रग डिपेंडेंस ट्रीटमेंट सेंटर का दौरा किया।
दौरे के दौरान डॉ. तरन्नुम खान ने केंद्र में उपचाराधीन मरीजों एवं स्टाफ सदस्यों से मुलाकात की तथा मरीजों के स्वास्थ्य एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है और इससे दूर रहकर ही स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत किया जा सकता है। डॉ तरन्नुम खान ने उपस्थित मरीजों को नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के भविष्य को अंधकारमय बना देती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को इससे बचना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. तरन्नुम खान ने स्टाफ सदस्यों को हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उनकी देखभाल करके हम पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बना सकते हैं। उन्होंने सभी से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अधिकाधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। दौरे के दौरान केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें