Indiknow, पानीपत। रिफाइनरी के ठेका मजदूरों की हड़ताल आज पांचवे दिन भी जारी रही। हजारों मजदूर वेतन बढ़वाने व अन्य मांगो को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। आज हड़ताली मजदूरों को सीटू राज्य महासचिव जय भगवान, सचिव सुनील दत्त, विनोद, जगपाल राणा, किसान सभा के नेता डॉ सुरेंद्र मलिक, खेत मजदूर यूनियन के राज्य महासचिव राजेंद्र छोकर, आंगनवाड़ी यूनियन सचिव बिजनेश राणा, ग्रामीण चौकदार सभा के राज्य प्रधान मदन कालरा व मासा संगठन के नेताओं ने प्रमुख रूप से संबोधित किया। सबसे पहले हड़ताली मजदूरों की सभा हुई। जिसमें शहीद चंद्रशेखर आजाद के शहीदी दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। सभा को संबोधित करते हुए संगठन नेताओं ने कहा कि आईओसीएल पानीपत रिफाइनरी प्रबंधन ओर ठेकेदार मिलकर मजदूरों का भयंकर शोषण कर रहे हैं। करीब 30000 ठेका मजदूर हैं लेकिन किसी प्रकार से श्रम कानूनों की अनुपालना नहीं की जा रही। पिछले 5 साल से मजदूरों के वेतन में कोई बढ़ौतरी नहीं की गई है। 12 घंटे ड्यूटी करवाई जा रही है जबकि ओवर टाइम का डबल वेतन नहीं मिलता। इसी प्रकार से कैंटीन, शौचालय, आदि तक की व्यवस्था नहीं है।उन्होंने कहा कि दिनांक 27 फरवरी को कई घंटे की बातचीत प्रबंधन के साथ हुई थी। जिसके बाद, 8 घंटे कार्यदिवस, डबल ओवरटाइम, 7 तारीख तक वेतन भुगतान और FIR रद्द करने, जैसी अधिकांश मांगों को प्रबन्धन ने स्वीकार कर लिया। लेकिन प्रमुख बात है वेतन बढ़ोतरी को लेकर। प्रबंधन ने कहा कि वेतन को ग्रेड C श्रेणी के तहत ही मिलेगा। जिसे मजदूर और संगठन प्रतिनिधियों ने सिरे से अस्वीकार कर दिया ।
संगठन नेताओं ने कहा कि सरकार व प्रबंधन वेतन बढ़ोतरी करे। केंद्रीय श्रम मंत्रालय द्वारा जारी न्यूनतम वेतन ए केटेगरी की श्रेणी के अनुसार लागू करे। संगठन नेताओं ने कहा कि प्रशाशन द्वारा राशन की दुकानों को बंद करवाया जा रहा है, मजदूरों को उनकी कालोनियों के गेटों के अंदर रोका जा रहा है, उन्हें ठेकेदारों के द्वारा धमकियां दी जा रही है। इस प्रकार की दमन की कार्यवाही बंद की जानी चाहिए। नहीं तो इसके खिलाफ पूरे हरियाणा में विरोध कार्यवाहियां की जाएंगी। आज भी मजदूरों ने सभा के बाद कई किलोमीटर तक जुलूस प्रदर्शन किया। सीटू नेताओं ने सरकार व प्रबन्धन से मांग की है कि हड़ताली मजदूरों की मांगो का तुरंत समाधान करे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें