Indiknow, रोहतक। गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि समाज सेवा और सकारात्मक कार्यों में आगे आए तो समाज में सार्थक परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम का संचालन एनएसएस इंचार्ज डॉ. पिंकी चौहान ने किया। उन्होंने शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एनएसएस का मुख्य लक्ष्य विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और सामाजिक जागरूकता की भावना विकसित करना है, ताकि वे समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझ सकें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज के विकास में योगदान दे सकें। शिविर के दौरान सामान्य अस्पताल से मेनका (मनोचिकित्सा सामाजिक कार्यकर्ता) ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। तनाव, अवसाद और मानसिक दबाव आज के जीवन की बड़ी चुनौतियाँ बनती जा रही हैं, इसलिए इनसे बचाव के लिए जागरूकता, संवाद, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में सामान्य अस्पताल की सुनीता रानी (सामुदायिक नर्स) ने भी विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित दिनचर्या बनाए रखने, संतुलित आहार लेने तथा सकारात्मक वातावरण में रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों को समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “युद्ध का मूक शिकार: पर्यावरण विनाश” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया तथा समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. कपिल कौशिक, रवि कौशिक, रीना, युक्ता कौशिक सहित अनेक शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें