Indiknow, रोहतक : राजकीय महिला महाविद्यालय, लाखन माजरा में आज पूर्व छात्रा मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या इंदु सपरा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर प्राचार्या महोदया ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व छात्राएं किसी भी संस्थान की वास्तविक पहचान होती हैं। उनका अनुभव और उपलब्धियाँ वर्तमान छात्राओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं तथा ऐसे आयोजन महाविद्यालय और पूर्व छात्राओं के बीच संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित महाविद्यालय की पूर्व छात्रा मिस तन्नु, जो वर्तमान में के.एम. गवर्नमेंट कॉलेज, नरवाना (जिला जींद) में सहायक प्रोफेसर प्राणिविज्ञान के पद पर कार्यरत हैं, ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता के लिए सतत प्रयास, अनुशासन और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों के प्रति आभार एवं सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि आज वे जिस स्थान पर हैं, उसमें अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व छात्राओं ने नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुति दी। इसके पश्चात पूर्व छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर का भ्रमण किया और अपनी पुरानी स्मृतियों को ताजा किया। इस अवसर पर Alumni Committee द्वारा मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का बुके भेंट कर स्वागत किया गया। सभी पूर्व छात्राओं को महाविद्यालय की नव प्रकाशित पत्रिका एवं स्मृति-चिह्न (कप) भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में समूह फोटो भी लिया गया।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. राकेश, डॉ. मधु एवं छात्रा खुशी द्वारा किया गया। सभी उपस्थित अतिथियों एवं पूर्व छात्राओं के लिए जलपान (Refreshment) की भी व्यवस्था की गई। अंत में डॉ. सत्य प्रकाश, संयोजक, पूर्व छात्रा समिति ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, पूर्व छात्राओं एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें