Indiknow, रोहतक: संत निरंकारी मिशन की ओर से ‘मानव एकता दिवस’ के अवसर पर 24 अप्रैल को संत निरंकारी सत्संग भवन, सेक्टर-4 में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत सत्संग कार्यक्रम होगा। यह जानकारी संत निरंकारी मण्डल रोहतक शाखा के मीडिया सहायक डॉ. सत्य प्रकाश ने दी। उन्होने बताया कि रक्तदान शिविर में पी.जी.आई. के अनुभवी चिकित्सकों एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की टीम द्वारा सहयोग प्रदान किया जाएगा।
रोहतक क्षेत्र के संयोजक हेमंत निरंकारी के अनुसार इस शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान देंगे। सत्संग कार्यक्रम की अध्यक्षता मधु विहार, दिल्ली के ज्ञान प्रचारक महात्मा श्री गगन भाटिया करेंगे, जिसमें श्रद्धालु भक्ति एवं आध्यात्मिकता का लाभ प्राप्त करेंगे। यह आयोजन बाबा गुरबचन सिंह एवं चाचा प्रताप सिंह की पावन स्मृति को समर्पित है, जिनका जीवन त्याग, समर्पण एवं निःस्वार्थ सेवा की अद्वितीय मिसाल रहा है। उन्होंने मानव मात्र को प्रेम, विनम्रता और एकत्व का संदेश देते हुए समाज में भाईचारे एवं आध्यात्मिक जागृति को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके दिव्य आदर्श आज भी मिशन के प्रत्येक सेवाभावी कार्य में प्रेरणा स्रोत के रूप में विद्यमान हैं। यह सेवा प्रयास समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मानवता, भाईचारे एवं निःस्वार्थ सेवा की भावना को सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा। सच्ची श्रद्धांजलि वही है, जो सेवा, प्रेम और मानव एकता के रूप में जीवन में उतरे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें