Indiknow, गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर ‘वार्ड चलो, बूथ चलो’ कार्यकर्ता संपर्क एवं सम्मान अभियान के अंतर्गत वार्ड में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त बैठक भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के आह्वान एवं गोविंदपुरम मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में वार्ड 30 पार्षद ओमवीर चौधरी के स्वर्ण जयंती पुरम स्थित कार्यालय पर संपन्न हुई। कार्यक्रम में मुरादनगर विधानसभा के विधायक अजीत पाल त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक अजीत पाल त्यागी ने केंद्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की योगी सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनमानस तक पहुंचाई। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं को माला एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।
अपने संबोधन में विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का इतिहास त्याग, समर्पण और राष्ट्रवाद की भावना से ओतप्रोत रहा है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी एवं लालकृष्ण आडवाणी के विचारों का स्मरण करते हुए कहा कि इन महान नेताओं द्वारा देखा गया राष्ट्र के स्वाभिमान और अंत्योदय का सपना आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का पर्व है और वर्तमान समय कार्यकर्ताओं के लिए स्वर्णकाल के रूप में सामने आया है, जब सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं और देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम के संयोजक वार्ड 30 सदरपुर पार्षद ओमबीर चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद प्रदीप चौधरी, पार्षद अंकुश अरोड़ा, युवा मोर्चा महामंत्री मोनू त्यागी एवं बॉबी चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गोविंदपुरम मंडल उपाध्यक्ष राजू चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों में RWA अध्यक्ष सतेंद्र सिरोही, ओमबीर डबास, सतपाल खुटैल, विजेंद्र सिंह, रामबीर सहरावत, मुनिराज, राजकुमार, संजीव अग्रवाल, जस्सी, प्रिंस, सन्नी, पप्पू सहित वार्ड के सभी सम्मानित कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन सुदृढ़ीकरण एवं राष्ट्रहित के संकल्प के साथ किया गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें