Indiknow, रोहतक। राजकीय महिला महाविद्यालय लाखन माजरा के प्रांगण में वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं दीक्षांत समारोह का आयोजन प्राचार्या इंदु सपरा के कुशल नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। फ़रीदाबाद से प्राचार्य एवं जिला उच्च शिक्षा अधिकारी (सेवानिवृत्त) डॉ. सुनीधि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। तत्पश्चात प्राचार्या द्वारा ‘वार्षिक प्रतिवेदन सत्र 2025-26’ के माध्यम से महाविद्यालय की वर्षभर की उपलब्धियों को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया गया। कुलसचिव डॉ नीलम ने इस कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन किया ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि, महाविद्यालय की प्राचार्या, उप-प्राचार्या, कुल सचिव तथा समिति प्रभारी द्वारा वार्षिक पत्रिका के प्रथम संस्करण ‘सृजनिका – एक पहल’ का विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि शिक्षा व्यक्तित्व का निर्माण करती है, जबकि डिग्री उसका केवल परिणाम है। स्वामी विवेकानंद को उद्धृत करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को डिग्री के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि परंपराएं हमें अनुशासन सिखाती हैं और आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना आवश्यक है। महाविद्यालय का सुरक्षित वातावरण आगे नहीं मिलेगा, इसलिए प्रतिस्पर्धा के लिए अभी से तैयार रहना चाहिए।अंत में, उन्होंने दूसरों की सहायता करने और इस दिन की स्मृति में एक पौधा लगाने का आग्रह किया।
मीडिया प्रभारी डॉ. सुरक्षा ने बताया कि मुख्य अतिथि ने उत्तीर्ण छात्राओं को मानद उपाधियाँ प्रदान की। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता छात्राओं को प्रशंसा-पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अंत में महाविद्यालय की कुल सचिव डॉ. अंजलि मान ने सभी का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. अलका एवं डॉ. मधुबाला ने किया। इस अवसर पर समस्त महाविद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें