Indiknow, रोहतक : पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज में ‘विश्व मौखिक स्वास्थ्य माह’ के तहत गुरुवार को वॉकथॉन का आयोजन किया गया। पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग द्वारा आयोजित इस वॉकथॉन का उद्देश्य आमजन को मुंह के स्वास्थ्य और ओरल हाइजीन के प्रति जागरूक करना था। वॉकथॉन को संस्थान की प्राचार्या डॉ मनु राठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर फैकल्टी मेंबर्स, रेजिडेंट डॉक्टर, बीडीएस के सैकड़ों विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर हिस्सा लिया। ‘स्वस्थ मुंह, स्वस्थ जीवन’, ‘ब्रश दो बार, मुस्कान हर बार’ और ‘तंबाकू को कहें ना’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
डॉ मनु राठी ने वॉकथॉन को संबोधित करते हुए कहा कि मुंह हमारे शरीर का दर्पण है। ओरल हेल्थ को नजरअंदाज करना कई गंभीर बीमारियों को न्योता देना है। ओरल हेल्थ अवेयरनेस मंथ के तहत हमारा प्रयास है कि यह संदेश हर घर तक पहुंचे। सिर्फ अप्रैल में ही नहीं, बल्कि साल के 12 महीने मुंह की साफ-सफाई हमारी आदत में शामिल होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इस महीने के दौरान संस्थान द्वारा नुक्कड़ नाटक, स्कूल हेल्थ कैंप, निःशुल्क जांच शिविर और जनजागरूकता व्याख्यान जैसी कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। हमारा लक्ष्य है कि समुदाय को यह समझाएं कि दिन में दो बार ब्रश करना, तंबाकू-गुटखा से दूर रहना और हर छह महीने में दांतों की जांच कराना कितना जरूरी है।
पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग के अध्यक्ष डॉ मंजूनाथ ने बताया कि भारत में 90% से ज्यादा लोगों को दांत और मसूड़ों से जुड़ी कोई न कोई समस्या है, जिसका मुख्य कारण जागरूकता की कमी है। वॉकथॉन के माध्यम से छात्रों ने आम लोगों को बताया कि मुंह का कैंसर, पायरिया और कैविटी जैसी बीमारियों से सही समय पर सावधानी बरतकर बचा जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ मनु राठी ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों को ओरल हाइजीन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पीजीआईडीएस रोहतक न केवल इलाज, बल्कि प्रिवेंटिव हेल्थकेयर के क्षेत्र में भी अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। इस अवसर पर सभी विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें