Indiknow, रोहतक। जाट शिक्षण संस्था के प्रधान गुलाब सिंह दिमाना ने मैनेजमेंट एवं कालेजियम सदस्यों के साथ संस्था में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। कार्यों में और तेजी लाने और कार्य में पारदर्शिता लाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि संस्था में कई अहम निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं तथा कुछ पर कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि किसानों के मसीहा चौधरी छोटूराम के जाट स्कूल में बनाए गए समाधि स्थल का भव्य निर्माण कार्य प्रगति पर है। समाधि स्थल पर लगी छोटू राम की प्रतिमा भी बड़ी की जाएगी साथ ही वहां पर एक बड़ा और सुंदर भव्य डोम बनाया जा रहा है। इस डोम में उस पहाड़ का पत्थर लगाया जा रहा है जो की अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर में लगाया गया है। समाधि स्थल के दोनों तरफ पार्क भी विकसित किया जाएगा। इसे एक धाम का स्वरूप दिया जा रहा है। इसके साथ ही मैनेजमेंट की नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि संस्था में क्रिकेट ग्राउंड का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज भी तैयार की जा चुकी है।
इसके अतिरिक्त जाट कॉलेज के खेल मैदान को राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए निर्माण कार्य जारी है।
प्रधान श्री दिमाना ने बताया कि जाट कॉलेज में कई करोड़ की लागत से नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। संस्था के विभिन्न संस्थानों तक पहुंचने वाले रास्तों के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है और कई पर कार्य जारी है। प्रधान श्री दिमाना ने संस्था के जुड़े सदस्यों व समाज के प्रबुद्ध जनों से से अपील करते हुए कहा कि संस्था सभी की है और इसका विकास आपसी सहयोग से ही संभव है। उन्होंने लोगों को संस्था में आकर विकास कार्यों का निरीक्षण करने और अपने सुझाव देने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि हमारी मैनेजमेंट का उद्देश्य पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ निरंतर विकास करना है। इस अवसर पर संस्था के उप प्रधान धर्मराज, कॉलेजियम सदस्य सुनील फरमाना, पवन कादियान , सुखबीर हुड्डा वअन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें