'क्रिएटिव वेडिंग सिनेमैटोग्राफी' वर्कशॉप संपन्न : सोनी के विशेषज्ञों ने सिखाए फोटोग्राफी के आधुनिक गुर
Indiknow, रोहतक : फोटोग्राफर्स वेलफेयर सोसाइटी हरियाणा के सहयोग से स्थानीय 'द जय पैराडाइज' में एक दिवसीय 'क्रिएटिव वेडिंग सिनेमैटोग्राफी एंड कलर ग्रेडिंग' वर्कशॉप का भव्य आयोजन किया गया। सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष संजीव ढल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में हरियाणा के विभिन्न जिलों जैसे रेवाड़ी, नरवाना, हिसार, फरीदाबाद और रोहतक से लगभग 100 फोटोग्राफर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए अध्यक्ष संजीव ढल ने मेहमानों और मेंटर्स का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में नई तकनीक से अपडेट रहना अनिवार्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह वर्कशॉप फोटोग्राफर्स की कार्यकुशलता में चार चांद लगा देगी और उनके हुनर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने साझा किए विचार :
इस अवसर पर पूरन गिरधर ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसी तकनीकी कार्यशालाएं समय-समय पर आयोजित होती रहनी चाहिए, जिससे फोटोग्राफर्स नवीनतम उपकरणों और कलात्मक बदलावों के साथ खुद को अपडेट रख सकें। विनोद आहूजा ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि फोटोग्राफी केवल एक व्यवसाय नहीं बल्कि एक साधना है, जिसे सीखने का जज्बा कभी कम नहीं होना चाहिए। विनोद गिरधर ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान से बेहतर व्यावहारिक अनुभव होता है और यह वर्कशॉप उसी अनुभव का एक बेहतरीन मंच है। वहीं, श्री मोनू बत्रा ने तकनीक पर जोर देते हुए कहा कि बदलते परिवेश में सिनेमैटोग्राफी की बारीकियां सीखना ही एक सफल फोटोग्राफर की असली पहचान है।
विशेषज्ञों ने दिए तकनीकी टिप्स :
वर्कशॉप के दौरान सोनी के मुख्य मेंटर्स अरुण कुमार (Sony Mentor) और सरसिज मिश्रा (CPro Specialist) ने गहन प्रशिक्षण दिया। विशेषज्ञों ने कैमरा सेटिंग्स के माध्यम से उच्च गुणवत्ता प्राप्त करने, गिंबल संचालन की बारीकियों और कलर ग्रेडिंग के जरिए फिल्म मेकिंग को पेशेवर लुक देने के गुर सिखाए।
पुरस्कारों ने बढ़ाया उत्साह:
कार्यशाला के दौरान समय पर पहुँचने वाले प्रतिभागियों के लिए एक विशेष 'लकी ड्रॉ' का आयोजन किया गया। लकी ड्रॉ के माध्यम से दीपक पाहुजा (प्रथम), धीरज लूथरा (द्वितीय) और वंश गिरधर (तृतीय) को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त, तकनीकी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सटीक उत्तर देने पर अमृतपाल सिंह (प्रथम), कुलदीप सिंह, उकलाना मंडी (द्वितीय) और मंदीप कुमार (तृतीय) ने बाजी मारी।
सहयोगियों का सम्मान और आभार :
कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तकनीकी सहयोगियों को संस्था द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। फोटोग्राफी में उत्कृष्ट सहयोग के लिए धीरज लूथरा, वीडियोग्राफी के लिए दीक्षित शर्मा तथा वीडियो एडिटिंग के बेहतरीन कार्य के लिए जयंत कत्याल को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। समाज हित और फोटोग्राफी बिरादरी के उत्थान में उनके निस्वार्थ योगदान के लिए संस्था ने उनका आभार व्यक्त करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से ईश्वर जी, गुलशन कवात्ड़ा, कपिल आहूजा, दीपक पाहुजा, सतीश बुधराजा, राज कुमार बुधराजा, राजू बेदी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें