संजयनगर में श्रीमद् भागवत कथा का चतुर्थ दिवस : श्रीराम जन्म एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ झूमे श्रद्धालु
Indiknow, गाजियाबाद। संजयनगर सेक्टर-23 स्थित एच ब्लॉक झूलेवाला पार्क में आयोजित संगीतमयी श्रीमद् भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यास पंडित संजीव शर्मा ने भगवान श्रीराम जन्म एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दिव्य प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग आया, पूरा पांडाल “जय श्रीराम” और “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर प्रभु जन्मोत्सव का उत्सव मनाया तथा भजनों पर झूमते हुए आनंद एवं भक्ति का परिचय दिया। महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
कथा व्यास पंडित संजीव शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा, सत्य एवं आदर्श जीवन के प्रतीक हैं, वहीं भगवान श्रीकृष्ण प्रेम, नीति और धर्म की स्थापना का संदेश देते हैं। उनके जीवन प्रसंग मानव समाज को सदैव धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे। इस अवसर पर नामित पार्षद प्रदीप चौधरी, हरपाल सिंह जादौन, विष्णु शर्मा, पवन सहलोत, सत्यवीर सिंह, विजय अरोड़ा, विमल कुमार, सुनील चौधरी, आयुष, रेयांश, आहना, आरना, काशवी, प्रेमलता, बीना चौधरी, मीना शर्मा, रेखा सिंघल, शशि, ऊषा, गीता, सरिता, कल्पना, सोनिया, अनुष्का सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कथा स्थल को आकर्षक फूलों एवं धार्मिक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बताया तथा आगामी दिनों में भी अधिक संख्या में पहुंचने का संकल्प लिया।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें