हवन-पूजन एवं श्रीमद् भागवत महापुराण पूजन के साथ कथा आयोजन का भक्तिमय समापन, श्रद्धालुओं ने व्यक्त किया आभार
Indiknow, गाजियाबाद। संजयनगर सेक्टर-23 स्थित एच ब्लॉक झूलेवाला पार्क में आयोजित संगीतमयी श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का विधिवत एवं भक्तिमय समापन सोमवार को हवन-पूजन एवं श्रीमद् भागवत महापुराण पूजन के साथ सम्पन्न हुआ। इस भव्य धार्मिक आयोजन का शुभारंभ 3 मई को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। इसके उपरांत 4 मई से श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ, जो प्रतिदिन श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के मध्य सम्पन्न होती रही। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की विविध लीलाओं, भक्त चरित्रों एवं सनातन संस्कृति के महत्व का भावपूर्ण वर्णन किया गया। समापन अवसर पर कथा व्यास आचार्य संजीव शर्मा के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य हवन में आहूतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इसके साथ ही श्रीमद् भागवत महापुराण पूजन कर कथा का विधिवत समापन सम्पन्न हुआ। भजन-कीर्तन एवं भगवान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नामित पार्षद प्रदीप चौधरी ने कहा कि भागवत कथा के निर्देशक कुलदीप श्याम के निर्देशन में कथा वाचक आचार्य श्री संजीव शर्मा जी द्वारा किया गया संगीतमयी एवं मर्मस्पर्शी कथावाचन सभी श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा एवं प्रेरणा का स्रोत रहा। उन्होंने कहा कि कथा ने समाज को धर्म, संस्कार एवं सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया है। प्रदीप चौधरी ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं का आयोजन को सफल बनाने हेतु हृदय से आभार व्यक्त किया। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष पवन सहलोत ने कहा कि कथा आयोजन ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया तथा सभी श्रद्धालुओं को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया।
वरिष्ठ नागरिक संस्था के महामंत्री हरपाल सिंह जादौन ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मनुष्य जीवन को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है तथा ऐसे आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं। एडवोकेट सुनील चौधरी ने कहा कि कथा के माध्यम से युवाओं एवं बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं का ज्ञान प्राप्त हुआ, जो समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। श्याम प्रेमी विष्णु शर्मा एवं श्यामभक्त तरुण शर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि कथा के दौरान हुए भजन-कीर्तन एवं भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं ने श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से भावविभोर कर दिया।
समाजसेविका रेखा सिंघल ने कहा कि महिलाओं एवं परिवारों की बड़ी सहभागिता ने इस आयोजन को और अधिक सफल एवं प्रेरणादायी बनाया। समाजसेवी विजय अरोड़ा, जवाहर सिंह डागर, डी.के. विमल, किशन शर्मा, शिक्षाविद मीना शर्मा एवं समाजसेवी नरेंद्र गौड़ ने संयुक्त रूप से कथा आयोजन समिति, कथा व्यास एवं सभी श्रद्धालुओं को सफल आयोजन हेतु बधाई देते हुए सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु, महिलाएं, युवा एवं बच्चे उपस्थित रहे तथा सभी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें