Indiknow, रोहतक । हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे पौधारोपण अभियान के तहत आज जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ तरन्नुम खान ने जिला सैनिक बोर्ड में संचालित लीगल केयर एंड सपोर्ट सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव डॉ तरन्नुम खान ने उपस्थित आमजन एवं स्टाफ सदस्यों से मुलाकात कर केंद्र में उपलब्ध करवाई जा रही विधिक सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर पौधारोपण अभियान के अंतर्गत जिला सैनिक बोर्ड परिसर में एक पौधा भी लगाया गया। सचिव ने जिला सैनिक बोर्ड के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण कर उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इसके उपरांत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में पैनल अधिवक्ताओं, पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) तथा कार्यालय के कर्मचारियों के बीच पौधों के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी को पौधे वितरित करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सचिव ने उपस्थित सभी व्यक्तियों से आग्रह किया कि वे इन पौधों को उपयुक्त स्थानों पर लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास भी पर्यावरण सुधार में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें