- मंगल कमल में कैबिनेट मंत्री ने गढ़ी सांपला किलोई के कार्यकर्ताओं की बैठक ली
- एसआईआर पर गम्भीरता के साथ हुआ मंथन, मजबूती से मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर दिया जोर
Indiknow, रोहतक । हरियाणा के सहकारिता एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है, क्योंकि आज पूरा विश्व आर्थिक संकटों और अनिश्चितताओं का सामना कर रहा है, जबकि भारत अन्य देशों की तुलना में कहीं बेहतर स्थिति में खड़ा है।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा बुधवार को रोहतक स्थित भाजपा कार्यालय मंगल कमल में गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया है और भविष्य में भी देशवासी एकजुट होकर सभी चुनौतियों पर विजय प्राप्त करेंगे।उन्होंने कहा कि देशहित सर्वोपरि है और केंद्र सरकार का प्रत्येक निर्णय राष्ट्र के व्यापक हितों को ध्यान में रखकर लिया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में देश के स्वर्ण भंडार से जुड़े मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संपत्ति का उपयोग भी देशहित में ही किया जाएगा। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता लगातार भ्रम फैलाने का कार्य कर रहे हैं, जबकि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर पूरा विश्वास रखती है। हरियाणा में शुरू हुई स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया पर बोलते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा इसे पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी राजनीतिक दलों के बीएलए-1 और बीएलए-2 इस प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि एक व्यक्ति केवल एक ही स्थान पर मतदान कर सके तथा मृत मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा सकें। इस अवसर पर डॉ. शर्मा ने गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। उन्होंने बताया कि भाजपा संगठन और सरकार की ओर से उन्हें इस विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। क्षेत्र के लगभग 227 बूथों पर संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए बीएलए-1 और बीएलए-2 की नियुक्ति की जाएगी। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, आगामी कार्यक्रमों तथा एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें तथा आगामी चुनावी चुनौतियों के लिए पूरी तैयारी के साथ जुट जाएं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें