अग्निकांड प्रभावित व्यापारियों को विशेष आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजे की मांग, जान गवाने वालों के परिवार में से एक को सरकारी नौकरी देने की हो व्यवस्था : विजय गुप्ता
Indiknow, रोहतक । हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विजय लक्ष्मी चंद गुप्ता ने रोहतक के मॉडल टाउन क्षेत्र में हाल ही में हुई भीषण अग्निकांड की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर प्रभावित व्यापारियों के लिए विशेष आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजे की मांग की है। जिन परिवार के चिराग इस अग्नि कांड मे अपनी जान गवा बेठे है, उनके परिवार में से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था मुख्यमंत्री करे। जिससे उनके परिवार के लोगों का जीवन सुख और शांति के साथ गुजर बसर हो सके।
विजय लक्ष्मी चंद गुप्ता ने अपने पत्र में कहा है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अनेक व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई दुकानों के पूरी तरह नष्ट हो जाने से व्यापारियों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया व्यापार कुछ ही घंटों में राख में तब्दील हो गया, जिससे प्रभावित परिवार आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रभावित व्यापारियों के नुकसान का शीघ्र सर्वेक्षण करवाकर उन्हें पर्याप्त मुआवजा एवं आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। साथ ही जिन व्यापारियों की दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, उनके पुनर्वास हेतु विशेष राहत पैकेज तथा आसान वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाए ताकि वे पुनः अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारी वर्ग राज्य की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है और ऐसे संकट के समय सरकार का सहयोग उनके लिए संबल का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रभावित व्यापारियों की पीड़ा को समझते हुए उन्हें शीघ्र राहत प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।
हरियाणा व्यापार मंडल ने इस घटना में प्रभावित सभी व्यापारियों एवं परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से मानवीय आधार पर त्वरित सहायता सुनिश्चित करने की मांग की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें