Indiknow, रोहतक : दिल्ली रोड स्थित हनुमान मंदिर खरावड़ में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर महाराजा अग्रसेन सेवा सदन ट्रस्ट द्वारा कढ़ी-चावल, रसगुल्ला, कोल्ड ड्रिंक एवं शीतल जल का भंडारा लगाया गया। सर्वप्रथम हनुमानजी को भोग अर्पित किया गया, तत्पश्चात श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य संयोजक के रूप में प्रसिद्ध उद्योगपति सुरेंद्र जैनजी के सुपुत्र दीपक जैन उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन सेवा सदन ट्रस्ट निरंतर समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है तथा प्रतिदिन किसी न किसी नई सेवा गतिविधि के माध्यम से जनहित के कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
ट्रस्ट के चेयरमैन राजेश जैन ने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य आमजन की आवश्यकताओं का ध्यान रखना तथा जरूरतमंदों की सहायता करना है। उन्होंने कहा कि भूखे को अन्न और प्यासे को पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ी सेवा है। भीषण गर्मी एवं 45 डिग्री तापमान को देखते हुए प्रत्येक राहगीर को शीतल जल उपलब्ध हो, इसी उद्देश्य से इस भंडारे का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा निर्माणाधीन महाराजा अग्रसेन भवन एवं महालक्ष्मी मंदिर का कार्य तीव्र गति से चल रहा है और शीघ्र ही इन्हें समाज को समर्पित कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर ट्रस्ट के मुकेश गुप्ता एवं देशराज बंसल ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया। साथ ही प्रयागराज से पधारे महामंडलेश्वर गजानंद महाराजा, महन्त सुरेश गिरी जी महाराज, महन्त भविष्य गिरी महाराज का भी भव्य अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं समाज के गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर भंडारे में सहयोग प्रदान किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें