Indiknow, रोहतक : जयहिंद सेना प्रमुख नवीन जयहिंद के पूजनीय पिताजी स्वर्गीय धर्मप्रकाश, जिनका पिछले दिनों कैंसर की बीमारी के कारण स्वर्गवास हो गया था, का आज विधि-विधान से तेरहवीं संस्कार संपन्न हुआ। इस दुखद घड़ी में दिवंगत आत्मा की शांति के लिए आयोजित रस्म पगड़ी और शोक सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, खेल जगत की हस्तियों और स्थानीय गणमान्य लोगों सहित आम जन ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
जयहिंद के पिता की रस्म तेरहवीं क्रिया पर कांग्रेस के नारनौद विधायक जस्सी पेटवाड़, पूर्व राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, रोहतक के पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, स्वदेश कबीर, सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने भी नवीन जयहिंद के पिता की तेरहवीं में शामिल होकर परिवार को सांत्वना दी। शोक सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नवीन जयहिंद ने इस कठिन समय में ढाढस बंधाने और उनके पिता को श्रद्धांजलि देने पहुंचे सभी साथियों, शुभचिंतकों और आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिताजी का साया सिर से उठना जीवन की सबसे बड़ी क्षति है। उन्होंने हमेशा हमें ईमानदारी और समाज सेवा की राह पर चलना सिखाया। आज दुःख की इस घड़ी में आप सभी साथियों का जो साथ मिला है, उसके लिए पूरा परिवार आप सभी का सदैव ऋणी रहेगा।
दुःख की इस घड़ी में पूरा इलाका और जयहिंद समर्थक परिवार के साथ मजबूती से खड़ा नजर आया। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह अपार कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें