Indiknow, रोहतक । भारत सरकार की "एक पेड़ माँ के नाम" मुहिम के तहत गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज, रोहतक में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को 200 पौधों का वितरण किया गया तथा सभी ने अपनी माँ के सम्मान में एक-एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का प्रभावी समाधान वृक्षारोपण ही है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि महाविद्यालय सामाजिक सरोकारों एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा। समाजसेवी जितेंद्र अत्री ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" केवल एक अभियान नहीं, बल्कि मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की भी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस एवं एनसीसी के स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी को हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधे ग्रहण किए और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाजसेवी जितेंद्र अत्री जीते, जयपाल वशिष्ठ, एनएसएस प्रभारी डॉ. पिंकी, डॉ. मनीषा कौशिक, एनसीसी सीटीओ डॉ. मंजू शर्मा, डॉ. सुखदेव कुमार, डॉ. सीमा शर्मा, डॉ. कपिल कौशिक, डॉ. पूजा दुहन, डॉ. सुमिति, डॉ. कविता, डॉ. निधि, रवि कौशिक, प्रदीप कौशिक, समाजसेवी सत्यम, रामकिशोर, सुनील, राजेंद्र सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर और स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें