एलपीएस बोसार्ड व इनरव्हील क्लब ऑफ रोहतक ब्लूमिंगडेल द्वारा पौधरोपण अभियान के तहत स्पोर्ट्स एरिना में लगाए गए 251 पौधे
Indiknow, रोहतक। पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, एलपीएस बोसार्ड के प्रबंध निदेशक राजेश जैन के नेतृत्व में विशाल पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इसी अभियान के अंतर्गत आज इनरव्हील क्लब ऑफ रोहतक ब्लूमिंगडेल के सहयोग से झज्जर रोड स्थित स्पोर्ट्स एरिना परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालम खीरा, केजुरीना, अमलतास, बॉटल ब्रश तथा सागवान सहित विभिन्न प्रजातियों के 251 पौधे लगाए गए। इन पौधों का चयन पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने तथा जैव विविधता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राजेश जैन ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि एक परिपक्व वृक्ष प्रतिवर्ष लगभग 90,000 लीटर ऑक्सीजन प्रदान करता है, जबकि एक सामान्य व्यक्ति एक वर्ष में लगभग 2,00,750 लीटर ऑक्सीजन का उपयोग करता है। इस आधार पर प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम तीन पेड़ अवश्य लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्री जैन ने बताया कि एलपीएस बोसार्ड पिछले कई वर्षों से रोहतक एवं आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान संचालित कर रहा है। इस अभियान के माध्यम से अब तक लाखों पौधे लगाए जा चुके हैं, जिससे जिले के हरित क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों से इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मानव सेवा का संदेश भी दिया गया। इनरव्हील क्लब ऑफ रोहतक ब्लूमिंगडेल द्वारा समृद्धि जैन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जिससे अनेक लोगों को नया जीवन मिल सकता है। इस अवसर पर क्लब की अध्यक्ष डॉ. राशि, कोमल शर्मा, समृद्धि जैन, स्वाति जुनेजा, वर्णिता जैन, यशिका जैन, डॉ .अर्पण भांबरी शिम्पी जैन, सरुचि बधवार, मोनिका नागपाल , प्रतिभा गोयल, गुरलीन, प्रियंका मोंगिया, प्रीती बंसल, संध्या जैन, छवि जैन, पंकज जैन, निपुण जैन सहित क्लब के अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें