प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा ने कहा- यातायात नियमों का पालन कर बचाई जा सकती हैं अनमोल जिंदगियां
Indiknow, रोहतक । गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज में सड़क सुरक्षा समिति के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी स्टाफ सदस्यों को पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. जयपाल शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी और नियमों का पालन अनेक सड़क दुर्घटनाओं को रोक सकता है तथा अनमोल जीवन बचा सकता है।
सड़क सुरक्षा समिति के इंचार्ज डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूकता का संदेश दिया गया। महाविद्यालय परिवार के सभी स्टाफ सदस्यों को पौधे वितरित किए गए तथा उनसे पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर डॉ. संतोष शर्मा, डॉ. सुखदेव कुमार, डॉ. सीमा शर्मा, डॉ. मनीषा कौशिक, डॉ. मनीषा खासा, डॉ. कपिल कौशिक, डॉ. गीता पाठक, डॉ. पूजा दुहन, डॉ. मोहन कौशिक, डॉ. विनोद, डॉ. सुमिति, डॉ. कविता, डॉ. कनुप्रिया, डॉ. निधि, रवि कौशिक, रोहित कौशिक, युक्ता शर्मा, पूनम शर्मा, नीतिका शर्मा, अनुराधा शर्मा, श्वेता शर्मा तथा नवीन शर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें