Indiknow, रोहतक। अब नए दांत लगवाने के लिए बार-बार डेंटल सर्जन के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी और न ही दांत का नाप लेने के लिए जब सर्जन को केमिकल का इस्तेमाल करने की जरूरत पड़ेगी। मरीज का समय भी बचेगा और केमिकल के इस्तेमाल से आने वाली उबकाई व उल्टियों से भी बचा जा सकेगा। अब पीजीआईडीएस में नई विश्व स्तरीय मशीन आने से दांतों के मरीजों को ऐसी समस्या नहीं होगी। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक के कुलपति प्रोफेसर डाॅ. एच.के. अग्रवाल, पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज (पीजीआईडीएस) में आई कई अत्याधुनिक आधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ करने पहुंचे। कुलपति डाॅ.एच.के. अग्रवाल ने कहा कि संस्थान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती राव के मार्गदर्शन में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है और मरीजों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। डाॅ. अग्रवाल ने बताया कि आज पीजीआईडीएस में करीब 42 लाख रुपए की लागत से खरीदी गई विभिन्न प्रकार की 11 मशीनों का रिबन काटकर शुभारंभ करते हुए उन्हें आम जनता की सेवा के लिए शुरू किया गया है। डाॅ. अग्रवाल ने कहा कि ...